पंचायत चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए ब्यावर जिले में मतदान केन्द्र बनाए गए विद्यालयों में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमल राम मीना ने पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत आदेश जारी कर तृतीय और चतुर्थ चरण के मतदान के दौरान विद्यालयों में पांच-पांच दिन का अवकाश निर्धारित किया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायत आम चुनाव के तृतीय चरण में 3 एवं 5 नवंबर को मतदान होगा। इस चरण के लिए मतदान दल 2 नवंबर को रवाना होंगे और 6 नवंबर तक मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे। ऐसे में मतदान केन्द्र बनाए गए विद्यालय भवनों में 2 से 6 नवंबर तक स्थानीय अवकाश रहेगा।

इसी प्रकार, पंचायत चुनाव के चतुर्थ चरण में 14 एवं 16 नवंबर को मतदान निर्धारित है। इस चरण के लिए मतदान दल 13 नवंबर को रवाना होकर 17 नवंबर तक मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे। इसके मद्देनजर मतदान केन्द्र वाले विद्यालयों में 13 से 17 नवंबर तक स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं समग्र शिक्षा के जिला कार्यालय को जारी आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत मतदान केन्द्रों पर चुनावी व्यवस्थाओं के संचालन को देखते हुए घोषित यह स्थानीय अवकाश दोनों चरणों में पांच-पांच दिन प्रभावी रहेगा।

Tags: