रायपुर-मारवाड़ में आयोजित राज्य पुरस्कार शिविर में ब्यावर के स्काउट और गाइड शामिल हुए।   

ब्यावर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड के राज्य पुरस्कार चार दिवसीय अभिशंसा शिविर में स्थानीय संघ ब्यावर के स्काउट एवं गाइड ने उल्लेखनीय सहभागिता निभाई। रायपुर-मारवाड़ में आयोजित जांच शिविर में ब्यावर के सर्वाधिक 90 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी योग्यता और दक्षताओं का प्रदर्शन किया।

स्थानीय संघ सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि शिविर में स्थानीय संघ ब्यावर के 62 स्काउट और 28 गाइड सहित कुल 90 प्रतिभागियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान स्काउट गतिविधियों में प्रवेश स्तर से लेकर राज्य पुरस्कार शिविर तक अर्जित की गई योग्यताओं एवं दक्षताओं का परीक्षण किया गया।


इस जांच शिविर में ब्यावर जिले के सात स्थानीय संघों के कुल 199 स्काउट और 66 गाइड ने सहभागिता की। शिविर में राज्य मुख्यालय द्वारा आदेशित मुख्य परीक्षक की जिम्मेदारी डॉ. विनोद मेहरा, लीडर ट्रेनर एवं पूनम चौधरी, एएलटी ने निभाई। वहीं, अजमेर मंडल मुख्यालय के सीओ स्काउट नरेंद्र खोरवाल और सीओ गाइड अनीता तिवारी ने शिविर का संचालन किया।

जांच शिविर में सर्वाधिक सहभागिता दर्ज कराने पर स्काउटर चम्पालाल, रामकिशोर, संपत्ति गोयल, धीरज सोलंकी और बलराज सिंह सहित अन्य के योगदान पर स्थानीय संघ प्रभारी जिला कमिश्नर स्काउट रोहित जैन, डॉ. सीमा कृपलानी, निधि चौहान, हेमलता चौहान, बाबुद्दीन काठात और विष्णु गोयल ने हर्ष व्यक्त किया।

राज्य पुरस्कार अभिशंसा शिविर में ब्यावर के 62 स्काउट और 28 गाइड की सहभागिता के साथ जिले के सात स्थानीय संघों के प्रतिभागियों ने अपनी दक्षताओं का परीक्षण कराया।

Tags: