सनातन धर्म कॉलेज परिसर में ईवीएम मशीनें और चुनावी सामग्री लेकर रवाना होते मतदान कर्मी।

ब्यावर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की चार पंचायत समितियों और जिला परिषद के वार्डों में 3 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय परिसर से मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद ईवीएम और निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री लेकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।

मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा के लिए परिसर में वाहन पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतदान दलों और मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि तृतीय चरण के तहत जिले की जैतारण, जवाजा, नरबदखेड़ा और रास पंचायत समितियों के मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना किए गए हैं। जैतारण पंचायत समिति के 21 पंचायत समिति वार्ड और 30 ग्राम पंचायतों के लिए 144 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार जवाजा के 15 पंचायत समिति वार्ड और 28 ग्राम पंचायतों के लिए 82, नरबदखेड़ा के 15 पंचायत समिति वार्ड और 30 ग्राम पंचायतों के लिए 88 तथा रास के 17 पंचायत समिति वार्ड और 28 ग्राम पंचायतों के लिए 102 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इस तरह तृतीय चरण में कुल 68 पंचायत समिति वार्ड और 116 ग्राम पंचायतों के लिए 416 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। इन क्षेत्रों में कुल 3 लाख 85 हजार 950 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिला परिषद के कुल 14 वार्डों और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद बुधवार, 4 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कराई जाएगी। वहीं, शुक्रवार, 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के साथ ही मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन की ओर से तीसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान दलों की रवानगी के साथ ही मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Tags: