मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को में आयोजित गरबा-डांडिया प्रतियोगिता में उदयपुर की पल्लवी आमेटा ने अपनी शानदार प्रस्तुति और नृत्य कौशल के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।   

मेवाड़ की धरा उदयपुर की होनहार युवती पल्लवी नृपेंद्र आमेटा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और नृत्य के प्रति समर्पण के दम पर गरबा-डांडिया प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर परिवार और समाज का गौरव बढ़ाया है। मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को (NESCO) में आयोजित गरबा-डांडिया क्वीन प्रतियोगिता में पल्लवी ने आकर्षक परिधान, मनमोहक नृत्य और शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए गरबा क्वीन का खिताब अपने नाम किया।

पल्लवी एक कॉरपोरेट कंपनी में कार्यरत हैं। नौकरी की व्यस्त दिनचर्या, घर-परिवार की जिम्मेदारियों और नवरात्रि के दौरान उपवास के बीच प्रतियोगिता की तैयारी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद गरबा और डांडिया के प्रति उनका उत्साह और समर्पण बरकरार रहा। पल्लवी प्रतिवर्ष गरबा-डांडिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती रही हैं।

पल्लवी की माताजी चंद्रकला नवनीत आमेटा ने बताया कि पल्लवी ऑफिस के काम और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच भी अपनी रुचियों के लिए समय निकालती हैं। नवरात्रि के पावन पर्व पर उपवास रखने के साथ गरबा प्रतियोगिता की तैयारी करना उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन को दर्शाता है। इस वर्ष भी पल्लवी ने अपनी आकर्षक ड्रेस, शानदार नृत्य शैली और प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

पल्लवी की इस उपलब्धि से परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने एक बार फिर यह दिखाया है कि व्यस्त दिनचर्या के बीच भी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के सहारे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। परिवारजनों और शुभचिंतकों ने पल्लवी आमेटा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags: