नायगांव पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढ निकाला 3.70 लाख के सोने के गहनों से भरा गुम बैग
नायगांव पूर्व के सनटेक वेस्ट वर्ल्ड निवासी अकरम करीम खान का सोने के गहनों से भरा बैग गुम हो गया था। नायगांव पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच ने 150 से 170 सीसीटीवी फुटेज की जांच कर 24 घंटे में 3.70 लाख रुपये के गहने बरामद किए।
नायगांव पुलिस स्टेशन में 24 घंटे के भीतर बरामद 3.70 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने शिकायतकर्ता अकरम करीम खान को सौंपते पुलिस अधिकारी।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन 1 के अंतर्गत नायगांव पुलिस ने गुम हुए लाखों रुपये के कीमती गहनों से भरे बैग को महज 24 घंटे में ढूंढकर शिकायतकर्ता को वापस लौटा दिया। पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच ने 150 से 170 सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद 3,70,000 रुपये मूल्य के सोने के गहने बरामद किए। सामान सुरक्षित मिलने पर शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, नायगांव पूर्व स्थित 6/A, 1703, सनटेक वेस्ट वर्ल्ड निवासी अकरम करीम खान (60 वर्ष) अपने परिवार के साथ घरेलू सामान एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी के कपड़ों और कीमती गहनों से भरा बैग सनटेक इलाके से घर आते समय कहीं गुम हो गया।
कुछ देर बाद अकरम करीम खान और उनकी पत्नी ने बैग की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने नायगांव पुलिस स्टेशन में बैग गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस इंस्पेक्टर संजय हजारे के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच के एपीआई यशपाल सूर्यवंशी और उनकी टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर सामान शिफ्ट किए जाने वाले स्थान तक के रास्ते पर खोजबीन की। इसके साथ ही निवास स्थान के आसपास के क्षेत्र में लगे 150 से 170 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई।
पुलिस टीम की जांच के दौरान गुम हुए बैग का पता लगा लिया गया। बैग में 20 ग्राम वजन का सोने का हार, जिसकी कीमत 2,50,000 रुपये थी, और 10 ग्राम वजन की सोने की बालियां, जिनकी कीमत 1,20,000 रुपये थी, बरामद हुईं। इस तरह कुल 3,70,000 रुपये मूल्य के सोने के गहने सुरक्षित मिले।
पुलिस ने बरामद बैग और उसमें रखे गहने सही-सलामत शिकायतकर्ता अकरम करीम खान को सौंप दिए। गुम हुए कीमती सामान की 24 घंटे के भीतर बरामदगी और सुरक्षित वापसी पर उन्होंने नायगांव पुलिस के साथ खोजबीन में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।