मुंबई में अतिक्रमण पर महानगरपालिका की कार्रवाई, दो दिन में हटाए गए 144 अवैध स्टॉल
मुंबई के साबू सिद्दीक मार्ग, मुसाफिरखाना और मनीष मार्केट में महानगरपालिका ने अतिक्रमण के खिलाफ लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की। 14 और 15 अक्टूबर को कुल 144 अवैध स्टॉल हटाए गए। जानें अभियान की पूरी जानकारी।
मुंबई में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ महानगरपालिका ने कार्रवाई तेज कर दी है। दक्षिण मुंबई के साबू सिद्दीक मार्ग, मुसाफिरखाना और मनीष मार्केट इलाके में लगातार दूसरे दिन अभियान चलाकर 52 अवैध स्टॉल हटाए गए। इससे पहले 14 अक्टूबर को इसी इलाके में 92 स्टॉल हटाए गए थे। इस तरह दो दिनों में कुल 144 अवैध स्टॉल पर कार्रवाई की गई।
महानगरपालिका के अतिक्रमण हटाओ विभाग ने 15 अक्टूबर को अभियान के दौरान तिरपाल, बांस, लोहे के पाइप और लोहे की चादरों से बनाए गए अस्थायी ढांचों को हटाया। इसके साथ ही पक्के लोहे के स्टॉल भी हटाए गए। इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराना तथा पैदल चलने वालों के लिए रास्ता उपलब्ध कराना है।
इस अभियान से पहले 13 अक्टूबर को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संबंधित इलाकों का दौरा किया था। निरीक्षण के बाद पैदल चलने वालों को रास्ता देने और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद महानगरपालिका ने अपनी ‘पहले पैदल यात्री’ मुहिम के तहत कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग पुलिस थाने के पांच पुलिस अधिकारियों और 10 जवानों को तैनात किया गया था।
महानगरपालिका ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए यह अभियान चलाया गया। लगातार दो दिनों में 144 स्टॉल हटाए जाने के बाद दक्षिण मुंबई के संबंधित इलाकों में पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की गई है।