नालासोपारा में दो दोस्तों में विवाद के बाद युवक पर चाकू से कई वार, आरोपी हिरासत में
नालासोपारा पूर्व में दो दोस्तों की बहस के बाद युवक पर चाकू से कई वार किए गए। घायल को पहले अस्पताल और हालत नाजुक होने पर कांदीवली रेफर किया गया। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है।
तस्वीर में एक व्यक्ति द्वारा दूसरे व्यक्ति पर हथियार से हमले का सांकेतिक दृश्य दिखाया गया है। यह तस्वीर काल्पनिक है और एआई द्वारा केवल संदर्भ के लिए बनाई गई है।
नालासोपारा पूर्व के तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में दो दोस्तों के बीच हुई मामूली बहस के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। हमले में युवक के पेट पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर घायल को मुंबई के कांदीवली स्थित एक अस्पताल में रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व के रहमत नगर स्थित सितारा बेकरी के पास रहने वाले मोहम्मद फजल खान, उम्र 18 वर्ष और मोहम्मद हमजा जावेद शेख, उम्र 20 वर्ष, दोनों दोस्त हैं। 23 सितंबर 2026, बुधवार की रात दोनों के बीच बहस हो रही थी।
बताया गया है कि बहस के दौरान हमलावर मोहम्मद फजल खान अपने दोस्त से कह रहा था कि वह किसी से डरता नहीं है और उसे कोई भी हाथ नहीं लगा सकता, पुलिस भी नहीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस चल रही थी। इसी दौरान मोहम्मद हमजा जावेद शेख ने मजाक-मस्ती में मोहम्मद फजल खान के गाल पर हल्की चपत मार दी।
चपत मारने की बात से मोहम्मद फजल खान गुस्से में आ गया और उसने आपा खो दिया। इसके बाद उसने चपत मारने वाले युवक के पेट पर चाकू से कई वार कर दिए। चाकू के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी एक व्यक्ति ने तुलिंज पुलिस स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने हमलावर मोहम्मद फजल खान को हिरासत में लिया। घायल युवक की हालत नाजुक होने के कारण उसे मुंबई के कांदीवली स्थित एक अस्पताल में रेफर किया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में खौफ का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए मोहम्मद फजल खान के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।