कुलाबा में अफगान चर्च के पास भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, दो की मौत
कुलाबा में अफगान चर्च के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, हादसे में दो लोगों की मौत हुई। पुलिस सीसीटीवी से जांच कर रही है।
दक्षिण मुंबई के कुलाबा इलाके में बुधवार तड़के अफगान चर्च के पास एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के लिए जीटी अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा अफगान चर्च के पास और कुलाबा मुख्य डाकघर के ठीक बगल में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार दोनों लोग बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए जीटी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। जीटी अस्पताल के डॉक्टर विवेक ने पुष्टि की कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही दोनों घायलों की सांसें थम चुकी थीं।
फिलहाल पुलिस मृत व्यक्तियों की पहचान और उनकी उम्र का पता लगाने की कोशिश कर रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वाहन की तेज रफ्तार या नियंत्रण खोने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
कुलाबा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि देर रात या तड़के वाहन चलाते समय रफ्तार पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
हादसे के बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया है और पुलिस की जांच के जरिए दुर्घटना की परिस्थितियों तथा मृतकों की पहचान स्पष्ट करने की कोशिश जारी है।