तस्वीर में आचार्य तुलसी सभागृह में साध्वीवृंद और समाज के लोग उपस्थित दिख रहे हैं।   

दक्षिण मुंबई, 24 सितंबर। तेरापंथ धर्मसंघ के प्रणेता आचार्य भिक्षु का 224वां महाप्रयाण दिवस आचार्य महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशम् अधिशास्ता परम पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या शासन श्री साध्वी कंचनप्रभाजी, शासन श्री साध्वी मंजुरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में श्रावक-श्राविकाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। इसके बाद तेरापंथ महिला मंडल दक्षिण मुंबई की ओर से मंगलाचरण की सुमधुर प्रस्तुति दी गई। मंगलाचरण के माध्यम से उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं में आध्यात्मिक वातावरण का संचार हुआ।

शासन श्री साध्वी श्री कंचनप्रभाजी ने कहा, “आज हम तेरापंथ प्रणेता आचार्य भिक्षु को असीम श्रद्धा के साथ याद कर रहे हैं। उन्होंने भगवान् महावीर का अहिंसा दर्शन स्वयं के जीवन से जन-जन तक पहुँचाया। उनकी अन्तर्दृष्टि जाग्रत थी। अनेक संघर्षों के बीच उन्होंने अनुशासन एवं मर्यादा को प्रतिष्ठित किया।”

शासन श्री साध्वी मंजुरेखाजी ने कहा, “निर्मल चारित्र आराधना के लिए सर्वात्मना समर्पित थे आचार्य भिक्षु। उन्होंने समय की हर कसौटी को हँसते-हँसते स्वीकार किया। उनका समता बल मुखरित रहा, कभी भी झुका नहीं। आने वाली कठिनाइयों को समाधानपूर्वक झेला।”

साध्वी श्री उदितप्रभाजी, श्री निर्भयप्रभाजी और श्री चेलनाश्रीजी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। साध्वीवृंद की गीतिका से वातावरण भिक्षुमय हो गया।

कार्यक्रम में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के कार्याध्यक्ष गणपत डागलिया, महासभा के पूर्व अध्यक्ष किशनलाल डागलिया, दक्षिण मुंबई सभा अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया, महिला मंडल दक्षिण मुंबई अध्यक्षा लतिका डागलिया तथा दलचंद कोठारी ने अपने विचारों की अभिव्यक्ति दी।

कार्यक्रम का कुशल संचालन दक्षिण मुंबई सभा के उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़ ने किया। आभार ज्ञापन तेरापंथ युवक परिषद के पूर्व अध्यक्ष नितेश धाकड़ ने किया। कार्यक्रम में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़ एवं मंत्री लक्ष्मीलाल धाकड़ की उपस्थिति रही। साथ ही फाउंडेशन, सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल के पदाधिकारीगण तथा समस्त तेरापंथ समाज दक्षिण मुंबई की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण का लाभ लिया। साध्वीवृंद के सान्निध्य में आयोजित यह आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह जानकारी तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई के उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।

Tags: