तस्वीर में मुंबई की महापौर श्रीमती रितू तावडे घाटकोपर मेट्रो स्टेशन पर अधिकारियों के साथ बातचीत करती हुई नजर आ रही हैं।   

मुंबई। आगामी गणेशोत्सव के दौरान मेट्रो में यात्रियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मुंबई की महापौर श्रीमती रितू तावडे ने घाटकोपर मेट्रो स्टेशन का दौरा कर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आम लोगों से सीधे बातचीत कर मेट्रो सफर के दौरान सामने आने वाली परेशानियों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

दौरे के दौरान महापौर ने घाटकोपर मेट्रो स्टेशन और आसपास के इलाके में सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा आपातकालीन एंबुलेंस सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। यात्रियों की ओर से मिले सुझावों और शिकायतों पर तुरंत काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि हर नागरिक का मेट्रो सफर सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।



महापौर ने मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर गणेशोत्सव के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक में टिकटों के दाम, मेट्रो गाड़ियों के समय और भविष्य में डिब्बों की संख्या बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

महापौर ने कहा कि यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए बीएमसी और मेट्रो प्रशासन मिलकर काम करेंगे और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान मेट्रो और मुंबई बीएमसी के कई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Tags: