तस्वीर में कोटा के एक सभागृह में आयोजित 'लोककलेतील श्रीगणेश' कार्यक्रम की तैयारी के दौरान मंच पर बैठे गणमान्य अतिथि दिखाई दे रहे हैं।

कोटा (राजस्थान), 10 सितंबर 2026। गणेशोत्सव को राज्य महोत्सव का दर्जा मिलने के अवसर पर महाराष्ट्र की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपरा को देशभर में पहुंचाने के उद्देश्य से ‘लोककलेतील श्रीगणेश’ विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महाराष्ट्र शासन के सांस्कृतिक कार्य विभाग के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्य संचालनालय, महाराष्ट्र राज्य, मुंबई की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम महाराष्ट्रीय समाज, कोटा के सहयोग से मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को महाराष्ट्रीय समाज, पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर सभागृह, डडवाड़ा, कोटा में शाम 6:30 बजे होगा।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र की विविध लोककलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें नमन, गण, जाखड़ी नृत्य, धनगरी नृत्य, कोली नृत्य तथा जागरण-गोंधल प्रमुख हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से महाराष्ट्र के लोकजीवन, लोकपरंपरा और श्रीगणेश के प्रति भक्ति का दर्शन कराया जाएगा।

महाराष्ट्र की लोककला और लोकपरंपराओं को राज्य की सीमाओं से बाहर व्यापक मंच उपलब्ध कराना तथा देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले मराठी बंधुओं के साथ स्थानीय रसिकों को महाराष्ट्र के सांस्कृतिक वैभव से परिचित कराना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। समन्वयक श्री उदय साटम तथा महाराष्ट्रीय समाज, कोटा-राजस्थान के सहयोग से यह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह सांस्कृतिक उपक्रम सांस्कृतिक कार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंत्री एड. आशीष शेलार जी की संकल्पना तथा सांस्कृतिक कार्य विभाग के सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। महाराष्ट्र की विविध लोककलाओं, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रसार के लिए सांस्कृतिक कार्य संचालनालय की ओर से निरंतर विभिन्न सांस्कृतिक उपक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। सांस्कृतिक कार्य संचालनालय के संचालक श्री प्रशांत खेडेकर ने कोटा और आसपास के क्षेत्र के रसिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर ‘लोककलेतील श्रीगणेश’ विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेने का आह्वान किया है।

इस अवसर पर महराष्ट्रीय समाज कोटा स्टेशन के न्यासी डॉ. राजश्री गोहदकर एवं श्री हरिश खांडेकर, प्रवक्ता विशाल उपाध्याय, सचिव भावना काळे, अध्यक्ष अनिल खांडेकर तथा बृहन्महाराष्ट्र मंडल नवी दिल्ली के राजस्थान विभागीय कार्यवहा अमोल चावरेकर उपस्थित थे।

Tags: