फ्लाइट ऑफ फैंटेसी से 15 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा पहली हवाई यात्रा का अनुभव
कोटा सिटी राउंड टेबल-358 की ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ पहल के तहत रिझड़ी के सरकारी स्कूल के 15 मेधावी विद्यार्थी 11 सितंबर को दिल्ली जाएंगे। भ्रमण के बाद दिल्ली से जयपुर तक पहली हवाई यात्रा करेंगे।
तस्वीर में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रिझड़ी के बाहर कोटा सिटी राउंड टेबल-358 के सदस्यों के साथ 'फ्लाइट ऑफ फैंटेसी' पहल के लिए चयनित मेधावी विद्यार्थी नजर आ रहे हैं।
कोटा सिटी राउंड टेबल-358 ने सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नए अनुभव और अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ पहल शुरू की है। इसके तहत महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रिझड़ी की कक्षा 8 के 15 मेधावी विद्यार्थियों को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव कराया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों में पांच छात्र और 10 छात्राएं शामिल हैं। इनका चयन मेरिट के आधार पर किया गया है।
संस्था अध्यक्ष रोहित जैन ने बताया कि चयनित विद्यार्थी 11 सितंबर को जनशताब्दी ट्रेन से दिल्ली जाएंगे। दिल्ली में उन्हें लाल किला, इंडिया गेट, कुतुब मीनार और अक्षरधाम मंदिर सहित प्रमुख ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद दिल्ली से जयपुर तक विद्यार्थियों को हवाई यात्रा कराई जाएगी।
पहली बार विमान में बैठकर उड़ान भरने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए नया और जीवनभर यादगार रहेगा। रोहित जैन ने कहा कि ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ केवल हवाई यात्रा कराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की कल्पनाओं को पंख देने और उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाशाली बच्चे ऐसे अनुभवों से वंचित रह जाते हैं। यह पहल उन्हें संदेश देती है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर अवसरों की कोई सीमा नहीं है। मेरिट के आधार पर चयनित 15 विद्यार्थियों के लिए दिल्ली भ्रमण के बाद दिल्ली से जयपुर तक की यह पहली हवाई यात्रा उनके लिए एक विशेष अनुभव के रूप में सामने आएगी।