कोटा विश्वविद्यालय में वेस्ट न्यूजपेपर से विद्यार्थियों ने रचा फैशन, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
कोटा विश्वविद्यालय में वेस्ट न्यूजपेपर से पोशाक निर्माण गतिविधि में विद्यार्थियों ने युगांडा, मिस्र और शेफ की वेशभूषा तैयार की। प्रतियोगिता में विनोद कुमार परवानी प्रथम रहे, जबकि विजेताओं को कुलगुरु ने सम्मानित किया।
तस्वीर में कोटा विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य विभाग में पुराने समाचार पत्रों से आकर्षक पोशाकें तैयार करने वाले विद्यार्थी और संकाय सदस्य नजर आ रहे हैं।
कोटा विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य विभाग में विद्यार्थियों ने पुराने समाचार पत्रों को रचनात्मकता और नवाचार से आकर्षक पोशाकों में बदलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से वेस्ट न्यूजपेपर से पोशाक निर्माण गतिविधि आयोजित की गई।
गतिविधि में विद्यार्थियों ने पुराने समाचार पत्रों का उपयोग कर विभिन्न प्रकार की आकर्षक पोशाकें तैयार कीं। पोशाक निर्माण में केवल पेपर, सेलोटेप और कैंची का इस्तेमाल किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. अनुकृति शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए युगांडा की पारंपरिक पोशाक, मिस्र की पोशाक तथा होटल में कार्यरत शेफ की वेशभूषा तैयार की। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पोशाकों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस गतिविधि में एमटीटीएम प्रथम वर्ष, एमटीटीएम तृतीय सेमेस्टर, पीजी डिप्लोमा इन मेडिकल टूरिज्म तथा पीजी डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां केवल वेस्ट न्यूजपेपर के पुन: उपयोग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों को नई सोच और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करती हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के अभिभावकों तक भी पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग का सकारात्मक संदेश पहुंचता है।
प्रतियोगिता में विनोद कुमार परवानी, पीजी डिप्लोमा इन मेडिकल टूरिज्म, ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। दिवाकर जाटव, पीजी डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट, द्वितीय, दिव्यांशी गोचर, एमटीटीएम तृतीय सेमेस्टर, तृतीय तथा प्रत्यक्षा शर्मा, एमटीटीएम तृतीय सेमेस्टर, चतुर्थ स्थान पर रहीं। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने वेस्ट न्यूजपेपर के पुन: उपयोग के साथ अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।