तस्वीर में कोटा के बृजगोपाल जी मंदिर में आयोजित नन्दोत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में नजर आ रहीं महिलाएं और बच्चे।

कोटा। रामपुरा स्थित बृजगोपाल जी मंदिर में अग्रवाल वैष्णव मोमीयान पंचायत महिला मंडल की ओर से भव्य नन्दोत्सव मनाया गया। गणेश वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में महिलाओं ने राधा-कृष्ण तथा नंद बाबा-यशोदा का स्वरूप धारण कर भजनों पर डांडिया रास किया।

कृष्ण जन्म की बधाइयों के बीच मंदिर परिसर में फूलों की बारिश की गई। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंदमय हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया और आकर्षक झांकी सजाई गई।

महिला मंडल अध्यक्ष शिखा मित्तल एवं सचिव सुनीता गोयल ने कहा कि नन्दोत्सव केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

संरक्षिका सावित्री गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन दर्शन प्रेम, कर्म, त्याग और धर्म का संदेश देता है, जो हर व्यक्ति के लिए अनुकरणीय है। नन्दोत्सव के आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने का संदेश भी सामने आया।

Tags: