झालावाड़ में सभापति टिकट को लेकर मुस्लिम समुदाय नाराज, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
झालावाड़ में सभापति टिकट को लेकर मुस्लिम समुदाय ने कांग्रेस के खिलाफ काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और डोटासरा के नाम ज्ञापन सौंपा।
तस्वीर में झालावाड़ में विरोध प्रदर्शन के दौरान काली पट्टी बांधे और ज्ञापन थामे लोग नजर आ रहे हैं।
झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद सभापति पद को लेकर खींचतान के बीच मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पार्टी द्वारा मुस्लिम समुदाय से किसी व्यक्ति को सभापति पद का टिकट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई है। बकानी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करवाया और कांग्रेस नेतृत्व के सामने अपनी मांगें रखीं। झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस ने 45 में से 29 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया है।
नाराज लोगों का आरोप है कि कांग्रेस लगातार मुस्लिमों के साथ पक्षपात करते हुए सिर्फ वोट लेने का काम कर रही है और मुस्लिम नेताओं को कमजोर कर रही है। इसी मामले को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोग झालावाड़ जिला कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर अपनी नाराजगी जाहिर करने जा रहे थे।
मामले की सूचना स्थानीय कांग्रेस नेताओं को मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों से समझाइश की। नेताओं ने उनकी भावनाओं को आलाकमान तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोग माने। इसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रकाश कुशवाह, जिला कांग्रेस सचिव हेमराज राठौर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन नीलगर और विशाल सेन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नाम ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज करवाया।
ज्ञापन में कहा गया कि झालावाड़ जिले में हाल ही में सम्पन्न हुए नगर निकाय चुनावों में मुस्लिम समुदाय ने कांग्रेस पार्टी को बढ़-चढ़कर समर्थन दिया है। झालावाड़ नगर परिषद में मुस्लिम समुदाय के पार्षदों की बंपर जीत हुई है। इसके बावजूद पार्टी द्वारा सभापति पद के लिए मुस्लिम समुदाय की पूर्ण रूप से अनदेखी की गई है।
ज्ञापन में कांग्रेस के झालावाड़ के वरिष्ठ, योग्य और अनुभवी पार्षद फारूख अहमद का भी उल्लेख किया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि उन्हें सभापति बनाया जा सकता था, लेकिन उन्हें दरकिनार कर दिया गया। इसी प्रकार पिड़ावा नगर पालिका में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुन्ना खान जैसे कद्दावर नेता को भी दरकिनार कर उनका टिकट काट दिया गया, जिससे पूरे मुस्लिम समुदाय में गहरा रोष है।
मुस्लिम समुदाय की ओर से झालरापाटन नगर पालिका का भी उल्लेख किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि यहां भी मुस्लिम समुदाय के साथ भेदभाव किया गया, जहां जमीनी और सक्रिय कार्यकर्ता नदीम मंसूरी और शकील नागौरी जैसे योग्य उम्मीदवारों का पार्षद का टिकट काट दिया गया। समुदाय के लोगों ने कहा कि ऐसे कई कारनामे कांग्रेस के जिम्मेदारों ने किए हैं, जो शर्मनाक हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि झालावाड़ जिले में मुस्लिम समुदाय का कांग्रेस को जितवाने में हमेशा से अहम योगदान रहा है। यदि इसी प्रकार मुस्लिम समुदाय की उपेक्षा होती रही तो मुस्लिम समुदाय कांग्रेस से दूरी बनाने लगेगा।
मुस्लिम समुदाय ने मांग की कि झालावाड़ जिले में मुस्लिम समुदाय की अनदेखी, झालावाड़ में सभापति तथा झालरापाटन और पिड़ावा में मुस्लिमों के पार्षद टिकट काटे जाने के कारणों की जांच की जाए। इसके साथ ही जिले के संगठन में मुस्लिम समुदाय को उचित प्रतिनिधित्व देने, मुस्लिम समुदाय की नाराजगी दूर करने के लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से संवाद करने और मामले में जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम इमदाद कमेटी सदर मुश्ताक हुसैन, शाह समाज युवा कमेटी सदर नईम हुसैन, मुस्लिम हैदरी कमेटी सदर सोनू भाई, मुस्लिम युवा कमेटी नायब सदर असलम हुसैन, चमन हुसैन, समीर खान, अमीनुद्दीन, शादाब खान, तौहीद भाई, मुख्तियार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। झालावाड़ नगर परिषद के सभापति पद के लिए 21 सितंबर को मतदान निर्धारित है।