राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने डीग कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।

डीग, 13 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शुक्रवार को डीग में निर्वाचन तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं, पुलिस बल की तैनाती और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मयंक मनीष ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में पंचायत चुनावों के लिए की गई तैयारियों और निर्वाचन व्यवस्थाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी। इस दौरान मतदाता जागरूकता के लिए जिले में संचालित स्वीप गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक के साथ मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, पुलिस बल और कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की तैनाती तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि प्रत्येक दो ग्राम पंचायतों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में दो एरिया मजिस्ट्रेट एवं चार जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बताया गया कि प्रत्येक केंद्र पर लगभग 10 से 15 पुलिसकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिले के अधिक संवेदनशील क्षेत्रों में निर्वाचन के चरण पहले ही संपन्न हो चुके हैं। तृतीय चरण का मतदान जिस तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है, उसी तरह चतुर्थ चरण का मतदान भी शांतिपूर्ण रहने की उम्मीद है।

उन्होंने नवसृजित जिला डीग में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप गतिविधियों के व्यापक स्तर पर और उत्कृष्ट तरीके से संचालन की सराहना करते हुए जिला प्रशासन को बधाई का पात्र बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने निर्वाचन व्यवस्थाओं की बेहतर योजना तैयार की है।

राजेश्वर सिंह ने विश्वास जताया कि प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों से पंचायतीराज आम चुनाव-2026 का चतुर्थ चरण भी स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती तक की गई तैयारियों की समीक्षा के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

Tags: