डीग के सीकरी में 11 गायों के गोबर से बना गोवर्धन पर्वत, 5 हजार दीप जले
सीकरी स्थित सेवल मंदिर में ब्रज चौरासी कोस झांकी के साथ गोवर्धन पूजा आयोजित की गई, जहां 5000 गोबर के दीयों से दीपदान और अन्नकूट महाप्रसाद का वितरण हुआ।
डीग के सीकरी स्थित सेवल मंदिर में गोवर्धन पूजा पर ब्रज चौरासी कोस झांकी सजाकर पूजा की गई।
डीग/सीकरी। 11 नवंबर। गोवर्धन पूजा के अवसर पर सीकरी स्थित सेवल मंदिर में ब्रज संस्कृति, गोसेवा और कृष्ण भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में ब्रज की पवित्र रज और 11 देसी गायों के गोबर से भव्य गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया गया। इस विशेष झांकी में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के प्रमुख मंदिरों, तीर्थस्थलों और पवित्र कुंडों को कलात्मक स्वरूप में दर्शाया गया। मानसी गंगा का विशेष स्वरूप भी तैयार किया गया, जिसमें पहाड़ियों से बहता झरना पूरी झांकी को जीवंत बना रहा था। भव्य प्रस्तुति के बीच श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही साक्षात गोवर्धन धाम के दर्शन होने का अनुभव हुआ।
सेवल मंदिर के जमुनाजीवन कृष्णदास जी ने बताया कि इस विशाल गोवर्धन झांकी को तैयार करने में दो सप्ताह से अधिक का समय लगा। इसके निर्माण में ब्रज की पवित्र रज और 11 देसी गायों के गोबर का उपयोग किया गया। झांकी के माध्यम से ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के प्रमुख तीर्थों और धार्मिक स्थलों को एक ही स्थान पर साकार करने का प्रयास किया गया, ताकि श्रद्धालु ब्रज धाम के आध्यात्मिक वैभव का अनुभव कर सकें।
महोत्सव के दौरान विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की गई। गोमाता का पूजन और आरती कर गिरिराज महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया। मंदिर की गोशाला में तैयार गोबर के दीयों से करीब 5 हजार श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। हजारों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान रहा।
जमुनाजीवन कृष्णदास जी ने गोवर्धन लीला के आध्यात्मिक संदेश पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इस लीला के माध्यम से यह संदेश दिया कि जो भक्त पूर्ण श्रद्धा और विश्वास के साथ उनकी शरण ग्रहण करता है, उसकी रक्षा स्वयं भगवान करते हैं। इंद्र के अहंकार का निवारण कर भगवान ने यह भी सिखाया कि भौतिक शक्ति और पद का अभिमान त्यागकर भगवान के प्रति समर्पण का भाव रखना चाहिए।
कृष्ण भावनामृत के अनुसार, गोवर्धन पूजा भगवान के प्रति प्रेम, गोमाता की सेवा, प्रकृति के संरक्षण और समस्त जीवों के प्रति करुणा का भाव विकसित करने की प्रेरणा देती है। सेवल मंदिर में आयोजित इस महोत्सव में भव्य गोवर्धन झांकी, गोपूजन, छप्पन भोग, अन्नकूट प्रसादी और दीपदान के माध्यम से ब्रज की धार्मिक परंपरा और कृष्ण भक्ति का स्वरूप एक साथ देखने को मिला।