डीग मतदाता सूची प्रारूप प्रकाशित, नाम जुड़वाने व संशोधन प्रक्रिया शुरू
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 7.90 लाख मतदाता ऑनलाइन पोर्टल या बीएलओ के माध्यम से प्रपत्र 6, 7 व 8 भरकर अपने विवरण में आवश्यक सुधार करा सकते हैं।
डीग, 12 नवंबर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत डीग जिले में मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के साथ ही मतदाताओं के लिए नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में गुरुवार को जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों कामां, नगर एवं डीग-कुम्हेर की प्रारूप मतदाता सूचियां प्रकाशित की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 7 लाख 90 हजार 858 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3 लाख 67 हजार 187 महिला, 4 लाख 23 हजार 665 पुरुष तथा 6 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार कामां में 2 लाख 77 हजार 654, नगर में 2 लाख 60 हजार 111 तथा डीग-कुम्हेर में 2 लाख 53 हजार 93 मतदाता पंजीकृत हैं।
जिले में कुल 861 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें कामां विधानसभा क्षेत्र में 301, नगर में 292 तथा डीग-कुम्हेर में 268 मतदान केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा जिले की मतदाता सूची में कुल 8 हजार 615 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं।
प्रारूप मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस दौरान मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, नाम हटवाने अथवा मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्र संख्या 6, 7 और 8 में आवेदन प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 28 दिसंबर 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। इसके बाद मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से ऑनलाइन वोटर सर्विस पोर्टल एवं ECINet App पर आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा बूथ लेवल अधिकारी के समक्ष भी आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और व्यक्तिगत विवरण अवश्य जांच लें। किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाए जाने पर 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।