डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के गंगौरा गांव में सरपंच चुनाव की रंजिश को लेकर हुए पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चुनावी विवाद के बाद हुई इस घटना से जुड़े दर्ज प्रकरणों में जिला पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है।

जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में डीग पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में प्रथम पक्ष के तीन और द्वितीय पक्ष के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रथम पक्ष से कासम पुत्र आमीन (50 वर्ष), मौहम्मद कैफ पुत्र कासम (22 वर्ष) और सौकत पुत्र ईस्माईल (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपी मेव जाति के हैं और गंगौरा गांव, थाना पहाड़ी, जिला डीग के निवासी हैं।

वहीं, द्वितीय पक्ष से जाहुल पुत्र अख्तर (30 वर्ष), नियाजू उर्फ नियाज मौहम्मद पुत्र महमूदा (25 वर्ष) और अकरम पुत्र फजरू (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों भी मेव जाति के हैं और गंगौरा गांव, थाना पहाड़ी, जिला डीग के निवासी हैं।

सरपंच चुनाव की रंजिश को लेकर गंगौरा गांव में हुए पथराव और फायरिंग की घटना के संबंध में दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई में दोनों पक्षों के कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

Tags: