डीग के जाटौली थून गांव में सरपंच चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद।

डीग, 12 नवंबर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के बीच चुनावी रंजिश और विवाद की घटनाएं सामने आने लगी हैं। डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के जाटौली थून गांव में गुरुवार को सरपंची चुनाव के प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी और गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद पत्थरबाजी तक पहुंच गया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सरपंच पद के प्रत्याशी पुष्पेंद्र और रणवीर सिंह के समर्थक अपने-अपने पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी।

गौरतलब है कि गुरुवार सुबह ही डीग जिला पुलिस अधीक्षक ने चौथे चरण के पंचायत चुनाव को देखते हुए संबंधित पांच थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च किया था। पुलिस अधीक्षक की ओर से फ्लैग मार्च के जरिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिए जाने के बावजूद दोपहर में जाटौली थून गांव में चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के बीच संघर्ष की घटना सामने आ गई।

चुनावी रंजिश से जुड़ी हिंसा की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 10 नवंबर 2026 को बृज नगर विधानसभा क्षेत्र के सुंदरावली गांव में भी चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी विवाद और हिंसक टकराव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। डीग के जाटौली थून गांव में फ्लैग मार्च के कुछ ही घंटों बाद हुई पत्थरबाजी ने चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती को फिर सामने ला दिया है।

Tags: