डीग। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजस्थान राजेश्वर सिंह ने शुक्रवार, 13 नवंबर को डीग कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देशों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह तृतीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है, उसी तरह चतुर्थ चरण का चुनाव भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।

समीक्षा बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में पंचायत चुनावों के लिए की गई तैयारियों और निर्वाचन व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर की गई पुलिस व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों से अवगत कराया। बैठक में मतदाता जागरूकता के लिए जिले में संचालित स्वीप गतिविधियों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि जिला कलक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक के साथ मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, पुलिस बल एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की तैनाती तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रबंधों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि प्रत्येक दो ग्राम पंचायतों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में दो एरिया मजिस्ट्रेट और चार जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर लगभग 10 से 15 पुलिसकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की गई है। इस तरह जिले में निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

राजेश्वर सिंह ने कहा कि जिले के अधिक संवेदनशील क्षेत्रों में निर्वाचन के चरण पहले ही संपन्न हो चुके हैं। तृतीय चरण का मतदान जिस तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, उससे चतुर्थ चरण का मतदान भी शांतिपूर्ण रहने की उम्मीद है। उन्होंने नवसृजित जिला डीग में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप गतिविधियों के व्यापक स्तर पर और उत्कृष्ट तरीके से संचालन की सराहना करते हुए जिला प्रशासन को बधाई का पात्र बताया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने निर्वाचन व्यवस्थाओं की बेहतर योजना तैयार की है। उन्हें विश्वास है कि प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों से पंचायतीराज आम चुनाव-2026 का चतुर्थ चरण भी स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।

Tags: