डीग, 13 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के अनुरूप निर्वाचन कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के बाद मतदान दल केएल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग से निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार बसों से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान केंद्रों पर मतदान दलों के ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने मतदान दलों को निर्देश दिए कि रवाना होने से पहले अपनी ईवीएम, मतपेटी और निर्वाचन सामग्री की अच्छी तरह जांच कर लें। किसी भी सामग्री में कमी अथवा तकनीकी समस्या सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ मतपेटियों की स्थिति और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण करने को कहा।

मयंक मनीष ने कहा कि तृतीय चरण का निर्वाचन बेहतर तरीके से संपन्न कराने में सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सराहनीय कार्य किया है। आगामी चरण में भी सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वाचन कार्य संपन्न कराएं। उन्होंने मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए ईवीएम के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा। 16 नवंबर को मतदान समाप्त होते ही सरपंच एवं वार्ड पंच पदों की मतगणना भी शुरू की जाएगी। इसके लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कार्मिकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को अपने-अपने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का लगातार आकलन करने और फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह परमार ने बताया कि चतुर्थ चरण की निर्वाचन प्रक्रिया का संपूर्ण कार्यक्रम 17 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने मतदान दलों को निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार आवंटित बसों से अपने मतदान केंद्रों तक पहुंचने और वहां उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान से पहले ईवीएम, मतपेटी एवं निर्वाचन सामग्री की अनिवार्य रूप से जांच करने को कहा। किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

देवेंद्र सिंह परमार ने बताया कि डीग पंचायत समिति क्षेत्र में 46 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें कुल 444 वार्ड और 153 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां पंचायत समिति के 27 तथा जिला परिषद के 6 वार्ड हैं। डीग क्षेत्र में कुल 1 लाख 43 हजार 618 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 67 हजार 97 महिला, 76 हजार 509 पुरुष और 12 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा क्षेत्र में 507 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं।

इसी प्रकार कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्र में 40 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें कुल 430 वार्ड और 159 मतदान केंद्र हैं। यहां पंचायत समिति के 27 तथा जिला परिषद के 6 वार्ड हैं। कुम्हेर क्षेत्र में कुल 1 लाख 49 हजार 402 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 70 हजार 423 महिला और 78 हजार 979 पुरुष मतदाता शामिल हैं। यहां 832 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं।

इस प्रकार डीग एवं कुम्हेर के कुल 86 ग्राम पंचायत क्षेत्रों में 874 वार्ड और 312 मतदान केंद्रों पर चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। दोनों पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 2 लाख 93 हजार 20 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान दलों को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्व जांच और निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन के साथ चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।

Tags: