डीग में पंचायत राज चुनाव से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, एसपी ने की भयमुक्त मतदान की अपील
डीग और कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
डीग पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ अन्य पुलिसकर्मियों के साथ जिले में पंचायत चुनाव को लेकर मीडिया को जानकारी दे रहे हैं।
डीग। पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर डीग जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए फ्लैग मार्च निकाला। चौथे चरण में 14 व 16 नवंबर को डीग पंचायत समिति और कुम्हेर पंचायत समिति में होने वाले चुनावों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने जिले के पांच थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य और पंच-सरपंच के चुनाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आमजन से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदाताओं को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी डर या दबाव के शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी निभाएं। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए आमजन से सहयोग करने का भी आह्वान किया।
इस दौरान डीग एडिशनल एसपी अखिलेश शर्मा, कामां एडिशनल एसपी दिनेश यादव, कामां थाना अधिकारी सुनील कुमार, खोह थाना अधिकारी शिवलहरी, गोपालगढ़ थाना अधिकारी रामनरेश मीणा सहित भारी पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य डीग और कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना और मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण में मतदान के लिए प्रोत्साहित करना है।