डीग-ब्रज नगर में मनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती, दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके लोकतांत्रिक व शैक्षणिक योगदान को याद किया।
डीग के आनंद भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
डीग/ब्रज नगर। श्रीराम आरोग्य धाम आनंद भवन, ब्रज नगर में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. गोविंद शर्मा ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें आधुनिक भारत का जनक माना जाता है। उन्होंने देश के विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शहर अध्यक्ष श्रीकांत शर्मा ने कहा कि आधुनिक भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से बेहद लगाव था। बच्चे भी उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे। उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में कई महत्वपूर्ण कार्य किए। इनमें संसदीय लोकतंत्र की नींव रखना, देश में लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करना, स्वतंत्र न्यायपालिका, चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाना शामिल है।
उन्होंने आधुनिक शिक्षा और संस्थानों की स्थापना की नींव रखी। इसी क्रम में IIT, AIIMS और IIM जैसे संस्थानों की स्थापना की दिशा में योगदान दिया। इसके साथ ही पंचवर्षीय योजनाओं को बढ़ावा दिया और उनकी शुरुआत की, जिनके माध्यम से कृषि, भारी उद्योगों और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिला। बांधों और सार्वजनिक क्षेत्र को बढ़ावा देकर उन्होंने देश के विकास को गति दी। बांधों को आधुनिक भारत का मंदिर कहा गया।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्रीकांत शर्मा, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. गोविंद शर्मा, पूर्व जिला सचिव सुभान खां, शहर महासचिव विवेक गोयल, सोशल मीडिया प्रभारी सुनील सैनी, ताराचंद सैनी, अंकुल खान, उमंग पंडित सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया गया।