उदय सिंह सिसोदिया निकुंभ सरपंच निर्वाचित
| कमलेश माली निर्विरोध उपसरपंच चुने गए, सामान्य वर्ग की इस सीट पर दर्ज की रिकॉर्ड मतों से जीत।
निकुंभ ग्राम पंचायत में सरपंच पद की जीत के बाद उदय सिंह सिसोदिया का निकाला गया विजय जुलूस।
बड़ी सादड़ी। निकुंभ ग्राम पंचायत में चौथे चरण के पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए हुए मुकाबले में उदय सिंह सिसोदिया ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1307 मत प्राप्त हुए। चुनाव मैदान में उतरे आठ अन्य सरपंच प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने 386 मतों के अंतर से जीत हासिल कर सरपंच पद पर कब्जा जमाया। सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर पहली बार इतने बड़े मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उन्होंने रिकॉर्ड कायम किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उपसरपंच पद के निर्वाचन की प्रक्रिया भी पूरी की गई। निर्वाचित 13 वार्ड पंचों में से दो प्रत्याशियों ने उपसरपंच पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद वार्ड संख्या 2 से निर्वाचित वार्ड पंच कमलेश माली को निर्विरोध उपसरपंच घोषित किया गया।
नवनिर्वाचित सरपंच उदय सिंह सिसोदिया और वार्ड पंचों की जीत के बाद निकुंभ में विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पेच के सामने से रवाना होकर मुस्लिम बस्ती, गणेश दरवाजा, चित्तौड़ रोड होते हुए बस स्टैंड स्थित आशीर्वाद हनुमान मंदिर पहुंचा। इसके बाद पीपला बावजी, कुड़िया, नई आबादी खलिहान बस्ती, सोनी मोहल्ला, बावड़ी दरवाजा, गुर्जर एवं पुरबिया मोहल्ला, लक्षकार मंदिर और बड़ा मंदिर होते हुए चंदा माता जी पहुंचकर विजय जुलूस का समापन हुआ।
विजय जुलूस के दौरान जगह-जगह सैकड़ों ग्रामीणों, महिलाओं और पुरुषों ने नवनिर्वाचित सरपंच एवं वार्ड पंचों का साफा, उपरना और माला पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया। आशीर्वाद हनुमान मंदिर पर श्री राम सत्संग सेवा परिषद के अध्यक्ष प्रेम सिंह सिसोदिया तथा लक्ष्मीनारायण मंदिर मंडल के अध्यक्ष बंशीलाल लोहार की अगुवाई में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत किया गया। मुस्लिम बस्ती में भी नवनिर्वाचित प्रत्याशियों का स्वागत किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत रिटर्निंग अधिकारी ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई और प्रमाण पत्र प्रदान किए। सरपंच पद पर उदय सिंह सिसोदिया की 386 मतों के अंतर से जीत और कमलेश माली का निर्विरोध उपसरपंच चुना जाना निकुंभ ग्राम पंचायत के चुनाव की प्रमुख उपलब्धियां रहीं।