चित्तौड़गढ़। पंचायत राज चुनाव के तहत मतदान और आगामी सरपंच पद की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने गंगरार उपखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

दोनों अधिकारियों ने पुठोली, सुवानिया, सेमलिया और गंगरार स्थित मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और मौके पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर मतदान प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आगामी सरपंच पद की मतगणना के लिए की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। साथ ही सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सरपंच पद की मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले ही सुनिश्चित कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलक्टर दिनेश धाकड़, उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक विवेक व्यास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे।

Tags: