चित्तौड़गढ़ जिले के कांकरवा में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 19 नवंबर 2026 को विशेष परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की जिला इकाई चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में भोपालसागर ब्लॉक के कांकरवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति परामर्श शिविर लगेगा।

शिविर में श्री सांवरिया राजकीय जिला चिकित्सालय, चित्तौड़गढ़ के मस्तिष्क एवं मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार जाटोलिया सेवाएं देंगे। इस दौरान मानसिक रोगों से पीड़ित व्यक्तियों को विशेषज्ञ परामर्श, काउंसलिंग और आवश्यक उपचार संबंधी मार्गदर्शन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, नशे की लत से ग्रसित लोगों को नशामुक्ति के लिए परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाओं का लाभ मिलेगा।

डॉ. मुकेश कुमार जाटोलिया ने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता और नशे की समस्या तेजी से बढ़ रही है। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों को अक्सर लोग पहचान नहीं पाते या सामाजिक संकोच के कारण उपचार कराने से बचते हैं। जबकि समय पर उचित परामर्श और उपचार मिलने से अधिकांश मानसिक समस्याओं का प्रभावी प्रबंधन संभव है।

उन्होंने बताया कि अनिद्रा, काम में मन नहीं लगना, बेचैनी, घबराहट, उदासी, चिड़चिड़ापन, अनावश्यक डर लगना, भूख कम लगना और आत्महत्या के विचार आना मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा असामान्य व्यवहार करना, आवश्यकता से अधिक सक्रिय हो जाना, बार-बार चीजों को चेक करना, बार-बार हाथ धोना तथा अपने शरीर एवं स्वास्थ्य को लेकर अत्यधिक चिंता करना भी ऐसे लक्षणों में शामिल हैं। इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना आवश्यक है।

शिविर में विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को मुख्यधारा में वापस लाने के उद्देश्य से काउंसलिंग एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों में होने वाले तनाव, चिंता, अवसाद तथा अन्य मानसिक समस्याओं के समाधान के लिए भी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

डॉ. जाटोलिया ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को छिपाएं नहीं और न ही इसे सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़कर देखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसिक रोग भी अन्य बीमारियों की तरह उपचार योग्य हैं। उन्होंने क्षेत्र के अधिकाधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ लेने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी देकर जागरूक करने का आग्रह किया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नशामुक्त समाज का निर्माण करना और जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है।

Tags: