तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में आयोजित जिला महिला सम्मेलन में भाग लेती हुई महिला शिक्षिकाएं नजर आ रही हैं.

चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान की ओर से स्थानीय महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में एक दिवसीय जिला महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। तीन सत्रों में संपन्न हुए इस सम्मेलन में राष्ट्र निर्माण में महिला शिक्षिकाओं की भूमिका, मेवाड़ की वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन और संगठन के सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों पर चर्चा की गई।

राजी कुमावत ने बताया कि सम्मेलन का शुभारंभ विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रथम सत्र की अध्यक्षता जिला महिला उपाध्यक्ष दीपिका झाला ने की। मुख्य वक्ता वंदना वजिरा नी ने राष्ट्र निर्माण में महिला शिक्षिकाओं की भूमिका विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षिकाओं के सामने कार्यक्षेत्र और परिवार से जुड़ी कई चुनौतियां होती हैं, लेकिन उनका दृढ़ता से सामना करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना आवश्यक है।

द्वितीय सत्र की अध्यक्षता राजी कुमावत ने की। इस सत्र में मुख्य वक्ता विमला सेठिया ने मेवाड़ की वीरांगना रानी पद्मावती के गौरवशाली जीवन, अदम्य साहस और अप्रतिम जौहर पर विस्तार से प्रकाश डाला।

तृतीय सत्र की अध्यक्षता मधु जैन ने की। कार्यक्रम के संबलनकर्ता रमेश चंद्र पुरोहित ने संगठन की ओर से वर्षभर आयोजित किए जाने वाले रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने वर्ष प्रतिपदा दिवस, सामाजिक समरसता दिवस, कर्तव्य बोध पखवाड़ा, गुरु वंदन कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण, प्रभावी प्रार्थना सभा तथा हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ सहित विभिन्न अभियानों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का संचालन सोनल मेनारिया ने किया। समापन सत्र में उपस्थित शिक्षिकाओं ने अपनी विभिन्न शैक्षणिक एवं सेवा संबंधी समस्याएं रखीं। संगठन की ओर से इन समस्याओं को प्रदेश स्तर तक पहुंचाकर समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया।

सम्मेलन में विभिन्न व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए तेजपाल सिंह, निर्भयराम धाकड़, जोगेंद्र सिंह राणावत और ओमप्रकाश छीपा उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रवीण चौधरी, अनिता साहू, नीना निगम, प्रमिला, तृप्ति तिवारी, स्वाति बिड़ला, वीणा राठौड़, मैना घूसर, कविता अहीर, झमकू कुमारी जाट, भगवती सोनी, पवन शेखावत, विद्या जटिया, निर्मला बम्बोरिया, मीना सेन, विद्या पंवार, सावित्री जोशी एवं मंजू शर्मा सहित जिले की बड़ी संख्या में शिक्षिकाओं ने भाग लिया।

Tags: