पटोलिया ग्राम पंचायत में महेंद्र सिंह राणावत ने संभाला सरपंच का पदभार, नई कार्यकारिणी का हुआ स्वागत
| पटोलिया ग्राम पंचायत में 17 नवंबर को सरपंच महेंद्र सिंह राणावत और उपसरपंच मांगु सिंह राठौड़ ने पदभार ग्रहण किया। समारोह में महंत देवनाथ और यशोदा की मौजूदगी, जनप्रतिनिधियों के सम्मान और गांव के विकास को लेकर सरपंच के संकल्प की चर्चा रही।
पटोलिया ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच महेंद्र सिंह राणावत और उपसरपंच मांगु सिंह राठौड़ पदभार ग्रहण समारोह के दौरान साफा और माला पहने नजर आए।
कांकरवा। पटोलिया ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच महेंद्र सिंह राणावत और उपसरपंच मांगु सिंह राठौड़ ने 17 नवंबर को शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर समस्त वार्ड पंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में नई पंचायत कार्यकारिणी ने अपनी जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण समारोह की शुरुआत एकलिंगनाथ जी और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद राणावत की सादड़ी के पास स्थित जोगणिया माता मंदिर के महंत देवनाथ और उनकी शिष्या यशोदा ने नवनियुक्त सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों को साफा, माला और उपरणा पहनाकर स्वागत किया तथा पदभार ग्रहण कराया।
समारोह में ग्रामीणों ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का साफा, माला और उपरणा पहनाकर स्वागत किया। वहीं, महिला वार्ड पंचों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। गांव के मोतबिर (गणमान्य) नागरिकों का भी स्वागत-सत्कार किया गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच महेंद्र सिंह राणावत ने कहा कि पटोलिया ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि गांव में बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। साथ ही, गांव में मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों के प्रति हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समस्त वार्ड पंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह का संचालन रूप सिंह राणावत ने किया। नई कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण के साथ ही पटोलिया ग्राम पंचायत में निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं।