राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से 6 साल के बच्चे की मौत
| पाइप और सरियों से भरी पिकअप ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, माता-पिता गंभीर रूप से घायल
राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर पिकअप की टक्कर से घायल बालक को अस्पताल ले जाते समय की तस्वीर।
राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर बस्सी में सोमानी रिसोर्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पार कर रहे बाइक सवार परिवार को पाइप और सरियों से भरी पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मां नानी बाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश निवासी सुरेश भील अपनी पत्नी नानी बाई और छह वर्षीय पुत्र भावेश के साथ बाइक पर सवार होकर एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने खेड़ी आए थे। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद परिवार बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर सोमानी रिसोर्ट के पास सड़क पार करते समय बस्सी से बेंगू की ओर जा रही एक पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि छह वर्षीय भावेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, सुरेश भील और उनकी पत्नी नानी बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां नानी बाई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल पिकअप बस्सी की है। पिकअप में पाइप और सरिया भरे हुए थे। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस दुर्घटना में मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि उसके माता-पिता अस्पताल में उपचाराधीन हैं।