राशमी थाना क्षेत्र के बावलास गांव में आभूषण लूट की वारदात के दौरान बदमाशों के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला लेहरी बाई (बाएं) अपनी परिजन के साथ।

चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र के बावलास गांव में आभूषण लूटने के लिए घर में घुसे चार अज्ञात बदमाशों ने दो बुजुर्ग बहनों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने विरोध की आशंका में भगवानी बाई पत्नी नारायणलाल अहीर की हत्या कर दी, जबकि उनकी सगी बहन लेहरी बाई गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी दोनों महिलाओं के शरीर पर पहने चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चार अज्ञात बदमाश देर रात चोरी और लूट की नीयत से बावलास गांव पहुंचे। उन्होंने मकान के पिछले हिस्से में बने बाड़े की तरफ से छज्जा तोड़ा और रस्सी के सहारे घर के अंदर प्रवेश किया। उस समय मकान के बरामदे में दो सगी बहनें लेहरी बाई और भगवानी बाई सो रही थीं। बदमाशों ने आभूषण लूटने के इरादे से दोनों पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान बदमाशों ने विरोध करने या शोर मचाने की आशंका में भगवानी बाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने दोनों महिलाओं के शरीर पर पहने चांदी के आभूषण जबरन उतार लिए। आरोपी उनके पैरों में पहनी चांदी की कड़ियां, नथ और मांदलिया लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राशमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। टीमों ने घर के अंदर से फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए आसपास के रास्तों तथा टोल नाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस हत्याकांड के बाद बावलास गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब घरों में घुसकर बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने तथा इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Tags: