बड़ी सादड़ी में राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के जिला अध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक, जिसमें गर्मी को देखते हुए 31 अक्टूबर तक स्कूलों का समय सुबह रखने की मांग की गई।   

बड़ी सादड़ी। भीषण गर्मी और पीने के पानी की समस्या से परेशान हो रहे स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम ने विद्यालयों का समय 31 अक्टूबर 2026 तक सुबह का ही रखने की मांग की है। संघ का कहना है कि गर्मी के कारण बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के समय में बदलाव आवश्यक है।

राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम ने मांग की है कि 31 अक्टूबर 2026 तक विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही रखा जाए। संघ के अनुसार, सुबह के समय विद्यालय संचालित होने से बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है और उनके स्वास्थ्य पर गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका कम हो सकती है।

संघ ने गर्मी और मौसमी बीमारियों से बच्चों के बचाव को भी महत्वपूर्ण बताया है। विशेष रूप से नन्हे-मुन्ने बच्चों की शिक्षण व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह का समय उपयुक्त बताते हुए इसे 31 अक्टूबर तक जारी रखने की मांग की गई है।

राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के जिला अध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई को ध्यान में रखकर विद्यालयों का समय सुबह का ही रखा जाना चाहिए, ताकि भीषण गर्मी के बीच बच्चों को राहत मिल सके।

Tags: