पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति तेज, जिला परिषद और पंचायत समितियों पर कब्जे का लक्ष्य
जिला परिषद और पंचायत समितियों में बोर्ड बनाने, स्थानीय प्रत्याशियों के चयन और युवाओं की भागीदारी को लेकर चित्तौड़गढ़ में मंथन किया गया।
चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में पंचायत राज चुनाव की रणनीति बनाने के लिए आयोजित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में सांसद भजनलाल जाटव, प्रमोद सिसोदिया, उदयलाल आंजना सहित अन्य वरिष्ठ नेता।
चित्तौड़गढ़ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पंचायत राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद बनाने और जिले की सभी पंचायत समितियों में कांग्रेस का बोर्ड गठित करने के लक्ष्य के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में प्रत्याशियों के चयन, युवाओं की भागीदारी और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला प्रभारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सांसद भजनलाल जाटव मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने अध्यक्षता की। जिला प्रभारी भजनलाल जाटव के कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भजनलाल जाटव ने कहा कि जिले के सभी नेताओं को एकजुट होकर जिला परिषद बनानी है और जिले की सभी पंचायत समितियों में कांग्रेस का बोर्ड गठित करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी उसी वार्ड के होने चाहिए, जिस वार्ड से वे चुनाव लड़ना चाहते हैं या चुनाव लड़ रहे हैं। जीतने के बाद भी प्रत्याशी कांग्रेस नेताओं के संपर्क में रहें।
जाटव ने चुनाव में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नेताओं के मार्गदर्शन में काम करते हुए कांग्रेस को मजबूत बनाया जाए और पंचायत राज संस्थाओं में पार्टी का परचम लहराया जाए, ताकि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को विजय दिलाई जा सके।
बैठक में जिला प्रभारी हगामी लाल मेवाड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, प्रकाश चौधरी, बद्रीलाल जाट जगपुरा, ललित बोरीवाल, नरेंद्र सिंह गुड्डा, सुधीर जोशी, शिवदयाल शर्मा, भेरूलाल चौधरी, बंटी, रविंद्र सिंह राणावत, गौतम विजय वर्गीय और यशोद पुरोहित सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे।
पंचायती राज चुनाव को लेकर आयोजित इस बैठक में कांग्रेस नेताओं ने जिला परिषद और पंचायत समितियों में पार्टी का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ने, स्थानीय प्रत्याशियों को प्राथमिकता देने और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।