चित्तौड़गढ़: शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत डिकॉय ऑपरेशन, 3 युवक डिटेन
नवरात्रि में गरबा पांडालों के पास महिला सुरक्षा को लेकर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने सादे कपड़ों में चलाया डिकॉय ऑपरेशन।
चित्तौड़गढ़ पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने निम्बाहेड़ा में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर तीन युवकों को डिटेन किया।
चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गरबा आयोजनों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने ऑपरेशन ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत निगरानी बढ़ा दी है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम चित्तौड़गढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, उनके निर्देशन में बुधवार शाम निम्बाहेड़ा और बेगूं में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में डिकॉय ऑपरेशन चलाया। इस दौरान निम्बाहेड़ा में तीन युवकों को डिटेन किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम भोईखेड़ा, नाडोलिया, गांधीनगर, चांमटीखेड़ा सहित चित्तौड़गढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और क्यूआरटी टीम भी उनके साथ मौजूद रही। गरबा समितियों की ओर से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का स्वागत किया गया। नवरात्रि के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में और एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर के नेतृत्व में बुधवार शाम निम्बाहेड़ा कस्बे में पांच प्रमुख स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। ऑपरेशन के तहत अम्बामाता मंदिर प्रांगण, विवेकानन्द सर्कल एवं कल्याण चौक, नेहरू पार्क-मंडी चौराहा-बस स्टैंड, जावद दरवाजा-पीपल चौक-मोती बावजी रोड तथा कैंची चौराहा-माल गोदाम रोड पर निगरानी रखी गई।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को डिटेन किया। इनमें आसिफ (26 वर्ष), निवासी वीररिया खेड़ी, थाना सदर निम्बाहेड़ा; सोहेल (22 वर्ष), निवासी ऊंचा, थाना सदर निम्बाहेड़ा; और पंकज पाटीदार (19 वर्ष), निवासी कारुंडा, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ शामिल हैं।
निम्बाहेड़ा में चलाए गए डिकॉय ऑपरेशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की एएसआई श्यामा के साथ कांस्टेबल रेखा, रेणुका, दुर्गा, कृष्णा, लीला, मीरा जायसवाल, रीना, आकांक्षा, गायत्री, स्नेहलता, माधुरी और बीना तैनात रहीं।
इसी अभियान के तहत बुधवार शाम बेगूं कस्बे में भी डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। सब इंस्पेक्टर चंद्रा कंवर के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने लालबाई-फूलबाई चौक गरबा स्थल, जूनी बेगूं गरबा स्थल और नया बस स्टैंड क्षेत्र में सादे वस्त्रों में तैनात रहकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी। इस दौरान दुर्गा, ललिता, किरण, दिव्या सिंह, प्रियंका और पुष्पा ने डिकॉय ड्यूटी निभाई।
ऑपरेशन ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के अंतर्गत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा प्रतिदिन गरबा पांडालों और उनके आसपास के क्षेत्रों में गश्त एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही गरबा महोत्सव में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। पुलिस विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक कर रही है।
जागरूकता अभियान के दौरान आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, राजकाप सिटीजन एप और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी महिलाओं एवं बालिकाओं को दी गई।
पुलिस के अनुसार, डिकॉय ऑपरेशन का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और गरबा आयोजनों के आसपास महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को परखना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अनुचित व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखना है।
चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस नवरात्रि के दौरान नियमित गश्त, विशेष निगरानी और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के प्रयास कर रही है। ऑपरेशन ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत शहर से लेकर निम्बाहेड़ा और बेगूं तक की जा रही निगरानी का उद्देश्य गरबा आयोजनों सहित सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है।