तस्वीर में ग्राम पंचायत पटोलिया में पंचायत चुनाव के बाद आयोजित स्वागत समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच महेंद्र सिंह राणावत को केलों से तौला जा रहा है।   

काकंरवा। ग्राम पंचायत पटोलिया में पंचायत चुनाव के बाद नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्वागत और अभिनंदन के लिए भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित सरपंच महेंद्र सिंह राणावत और उप सरपंच मांगू सिंह राठौड़ सहित सभी वार्ड पंचों का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

समारोह में सरपंच महेंद्र सिंह राणावत, उप सरपंच मांगू सिंह राठौड़ और सभी वार्ड पंचों को साफा पहनाकर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवनिर्वाचित सरपंच महेंद्र सिंह राणावत को केलों से तौलकर किया गया अभिनंदन रहा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने तालियां बजाकर अपनी खुशी जाहिर की।

समारोह को संबोधित करते हुए सरपंच महेंद्र सिंह राणावत ने समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पटोलिया ग्राम पंचायत का चहुंमुखी विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। पंचायत क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। साथ ही गांव में मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित सरपंच, उप सरपंच और वार्ड पंचों को शुभकामनाएं दीं। समारोह के माध्यम से ग्रामीणों ने नई पंचायत कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए विकास कार्यों को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी व्यक्त कीं।

Tags: