निम्बाहेड़ा। ग्राम पंचायत गिलुंड के नवनिर्वाचित सरपंच श्रवण कुमार शर्मा ने पदभार संभालने से पहले ही गांव के विकास कार्यों की जिम्मेदारी उठाते हुए काम शुरू कर दिया है। सरपंच बनते ही उन्होंने चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया और पूरे गांव की सड़कों व गलियों में रोड लाइटें लगवाईं। इसके साथ ही मुख्य चौराहे पर बड़ी हैलोजन लाइट भी स्थापित करवाई, जिससे गांव के प्रमुख रास्ते रोशनी से जगमगा उठे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, बरसों बाद गांव की गलियों और सड़कों पर इस तरह की रोशनी देखने को मिली है। इससे पहले शाम ढलते ही गांव की गलियों में अंधेरा छा जाता था। इसके चलते महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या से पहले भी ग्राम पंचायत के सरपंच को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पिछले 7 सालों से ग्रामवासी विकास कार्यों की प्रतीक्षा कर रहे थे।

अब नई रोड लाइटें लगने से पूरी पंचायत में रोशनी हो गई है। वहीं, मुख्य चौराहे पर बड़ी हैलोजन लाइट लगाए जाने से देर रात तक भी वहां रोशनी बनी रहेगी, जिससे चौराहे पर आवागमन और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।

एक बुजुर्ग ग्रामीण ने कहा, "हमने बरसों बाद अपनी व गांव की सभी गलियों में इतना उजाला देखा है। श्रवण महाराज ने सरपंच बनते ही जो काम किया है, वह काबिले तारीफ है।"

सरपंच श्रवण महाराज ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य गिलुंड को अंधेरे से उजाले की ओर ले जाना था और उन्होंने इसकी शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा, "जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उस पर खरा उतरूंगा। रोड लाइट तो सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में पानी, सफाई, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े काम किए जाएंगे।"

सरपंच की इस पहल को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है। गांव में जगह-जगह श्रवण कुमार शर्मा की सक्रियता और शुरुआती विकास कार्यों की चर्चा हो रही है। रोड लाइट लगाने के बाद अब ग्रामीणों को पानी, सफाई, सड़क और शिक्षा से जुड़े आगामी कार्यों का इंतजार है।

Tags: