बिजासन-बधर माताजी का पंचम वार्षिक महोत्सव 17 नवंबर से, दो दिन होंगे धार्मिक आयोजन
| कानड़ खेड़ा की पहाड़ी पर स्थित बधर माताजी का पंचम वार्षिक महोत्सव 17 नवंबर से शुरू होगा। गोपाष्टमी पर नवचंडी यज्ञ, गौ पूजन, वार्षिक बैठक और भजन संध्या होगी, जबकि 18 नवंबर को भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
तस्वीर में आकोला के कानड़ खेड़ा स्थित बिजासन-बधर माताजी मंदिर के पंचम वार्षिक महोत्सव की तैयारियों में जुटे बधर माताजी ट्रस्ट के पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
आकोला। कानड़ खेड़ा की पहाड़ी पर स्थित बिजासन-बधर माताजी मंदिर में पंचम वार्षिक महोत्सव का आयोजन 17 नवंबर से किया जाएगा। सोमानी, मर्दा, गदिया, हिंगड़ सहित अन्य 14 माहेश्वरी खापों की कुलदेवी बधर माताजी के इस महोत्सव की शुरुआत गोपाष्टमी के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगी। आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की सूचना मिल रही है।
बधर माताजी ट्रस्ट के सचिव मन मोहन बागड़ी के अनुसार, 17 नवंबर को गोपाष्टमी की प्रातः बेला में नवचंडी यज्ञ आयोजित होगा। इसके बाद मध्यान्ह में गौ पूजन किया जाएगा। शाम चार बजे ट्रस्ट की वार्षिक बैठक होगी, जबकि रात सात बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
भजन संध्या में किशनगढ़ से पधारे बी.सी. सोमानी परिवार के लगभग 25 सदस्य मायड़ बोली में माताजी के भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद 18 नवंबर को मध्यान्ह में माताजी का भंडारा आयोजित होगा।
महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए सम्पूर्ण भारतवर्ष से भक्तों के पहुंचने की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए बधर माताजी ट्रस्ट के अध्यक्ष शाम सुंदर सोमानी (संभाजी नगर), उपाध्यक्ष गोविंदलाल गदिया (चितौड़), सह सचिव गोविन्द सोमानी (हैदराबाद), सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक देवेन्द्र सोमानी (कपासन), प्रचार मंत्री पूरण मर्दा (मालेगाँव), सह कोषाध्यक्ष सम्राट सोमानी (बारामती), सलाहकार भगवतीलाल हिंगड़ (आकोला) और व्यवस्थापक ओमप्रकाश सोमानी पिछले कई दिनों से तैयारियों में प्रयत्नशील हैं। दो दिवसीय महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और भंडारे के माध्यम से विभिन्न माहेश्वरी खापों के श्रद्धालु कुलदेवी के आयोजन में सम्मिलित होंगे।