चित्तौड़गढ़ के श्रीनाथ वाटिका में अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीनाथजी की झांकी के समक्ष सजाए गए विभिन्न व्यंजन दिख रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ में भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच मेवाड़ महोत्सव समिति के तत्वावधान में सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ वाटिका में भव्य भजन संध्या एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में भगवान श्रीनाथजी को 125 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। वहीं परम पूज्य राधा-कृष्ण जी महाराज की संगीतमय भजन प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।

आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण करने के साथ जन-जन को आध्यात्मिक कार्यक्रमों से जोड़ना रहा। भजन संध्या के दौरान व्यासपीठ पर विराजित परम पूज्य राधा-कृष्ण महाराज ने अपनी मधुर वाणी और भावपूर्ण भजनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं महिमा का गुणगान किया। महाराज श्री की एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुतियों पर महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु झूमते नजर आए। भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे।

अन्नकूट महोत्सव के तहत भगवान श्रीनाथजी के समक्ष विभिन्न प्रकार के पकवानों एवं व्यंजनों से भव्य छप्पन भोग सजाया गया। भगवान को 125 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। फूलों, आकर्षक सजावट और धार्मिक श्रृंगार से सुसज्जित भगवान श्रीनाथजी की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम में परम पूज्य राधा-कृष्ण महाराज का अनंत समदानी, लीला आगाल, आशा पोखरना, भामाशाह तथा मार्बल लघु उद्योग संस्थान के अध्यक्ष अशोक कृष्णा समदानी सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर रामस्नेही संप्रदाय के संत दिग्विजय राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में सुरेश झंवर, सुशील शर्मा, गौरव त्यागी, सुदर्शन रामपुरिया, देवेंद्र कंवर, सोहनलाल पूंगलिया, राजेश ईनाणी, जितेंद्र सोमानी, अनुराग द्विवेदी, अभिषेक श्रीमाल, गोपाल भूतड़ा, सुनील मेनारिया, जया तोषनीवाल, रीना जागेटिया, ज्योति तिवारी, रेखा समदानी, प्रिया वासवानी, राशि मूंदड़ा, सीमा सुखवाल, राधा काबरा, अंजलि गोस्वामी, दिव्या बांगड़, यश टेलर, हिमांशु जाजू, तनिष्क मूंदड़ा, विकास गंगवाल, अभिषेक मूंदड़ा, बलजीत सिंह सोनी, महेंद्र सिंह राजावत, अभिमन्यु समदानी, अनुराग बांगड़, अभिषेक व्यास, अक्षत समदानी और काजू माहेश्वरी शामिल रहे। आयोजन में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, शहर के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्रीनाथजी की पूजा-अर्चना कर महाआरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान के जयकारे लगाए। घंटियों और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को विशेष रूप से तैयार अन्नकूट महाप्रसाद एवं कदम भोग वितरित किया गया।

आयोजन के तहत शनिवार प्रातः भव्य प्रभात फेरी भी निकाली गई। इसका शुभारंभ लक्ष्मीनाथ मंदिर से हुआ। प्रभात फेरी मिठाई बाजार, गांधी चौक, सदर बाजार, सुभाष चौक, किला रोड और ओछड़ी दरवाजा होते हुए रामकुंई पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीत गाते और भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। रामकुंई में प्रभात फेरी का विधिवत समापन हुआ, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं को छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया।

भव्य झांकी, छप्पन भोग, महाआरती, संगीतमय भजन संध्या, अन्नकूट महाप्रसाद और प्रभात फेरी के माध्यम से आयोजन को आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया गया। श्रद्धालुओं की भागीदारी और भगवान के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। अंत में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से सभी संत-महात्माओं, अतिथियों, भामाशाहों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।

Tags: