महावीर इंटरनेशनल अहिंसा वीरा केंद्र बेगूं की महिला सदस्य गौशाला में बैनर और पशु आहार के साथ खड़ी हैं।


 


बेगूं में बाल दिवस एवं कार्तिक मास की लाभ पंचमी के पावन अवसर पर पगारिया परिवार ने गौसेवा और जीवदया का संदेश देते हुए गौशाला में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। महावीर इंटरनेशनल अहिंसा वीरा केंद्र बेगूं की चेयरपर्सन वीरा किरण पगारिया एवं उनके परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में गौमाता और नन्हे बछड़ों का विधिवत पूजन कर गौवंश को लापसी, पशु आहार एवं हरा चारा खिलाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र जाप एवं प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद गौमाता के भजनों से गौशाला का वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान गौमाता एवं नन्हे बछड़ों का तिलक, मेहंदी, माला एवं गुड़ से पूजन किया गया। पगारिया परिवार के सदस्यों ने गौवंश को लापसी, पशु आहार एवं हरा चारा परोसकर गौसेवा का लाभ लिया। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम में उपस्थित गौसेवकों ने गौशाला में गुप्त दान राशि भेंट की। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। आयोजन में वीर विनोद पगारिया, वैभव पगारिया, प्रवीण लूहाड़िया, केंद्र की संरक्षक वीरा अंजना पोखरना, कोषाध्यक्ष वीरा चंदना लूहाड़िया, वीरा लीला झवर, दीपिका आंचलिया, मंजू खेमका, निशा पारख, रेनू सोनी, सुनीता पगारिया, रिंकू जैन, सरोज रातड़िया, निकिता लुहाड़िया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमारी पगारिया, अंजना शर्मा, नेहा गुगलिया, वैशाली पगारिया, सुरभी डांगी एवं दर्शना कावड़िया सहित बड़ी संख्या में गौसेवक मौजूद रहे।

इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल अहिंसा वीरा केंद्र की ओर से पगारिया परिवार का सम्मान किया गया। परिवार ने उपस्थितजनों का मीठा मुंह करवाकर अल्पाहार कराया और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भविष्य में भी गौसेवा एवं सामाजिक सेवा के कार्यों में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया।

बाल दिवस और लाभ पंचमी पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से गौवंश के प्रति करुणा, जीवदया और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। गौसेवा परम सेवा की भावना के साथ हुए आयोजन ने सेवा कार्यों में सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया।

Tags: