सांसद सीपी जोशी चित्तौड़गढ़ कार्यालय में जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते दिख रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ जिले में बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही अगले वर्ष जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित कराने की दिशा में भी प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। यह निर्णय शनिवार को आयोजित जिला बैडमिंटन संघ की कार्यकारिणी बैठक में लिया गया।

बैठक में संघ अध्यक्ष एवं सांसद सी. पी. जोशी ने कहा कि जिले में बैडमिंटन खेल के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। जिला मुख्यालय के साथ तहसील मुख्यालयों और बड़े कस्बों में भी इस खेल को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए नवोदित बैडमिंटन खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैडमिंटन कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। साथ ही खेल का प्रशिक्षण देने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्थानों पर बैडमिंटन शिविर आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ बैडमिंटन खिलाड़ियों के माध्यम से प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सांसद जोशी ने आगामी वर्ष में चित्तौड़गढ़ जिले में राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित कराने के प्रस्ताव को राज्य बैडमिंटन संघ के माध्यम से राष्ट्रीय संघ तक पहुंचाने के लिए संघ सचिव बाल कृष्ण सोनी को निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिव प्रकाश मंत्री एवं संयुक्त सचिव कुलदीप बजाज को जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आवश्यक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर हेमेन्द्र टोंग्या को आवश्यक बैडमिंटन कोर्ट, खेल सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सुनिश्चित कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, जीतेन्द्र गौड़, वंदना भंडारी एवं मनीता तोषनीवाल को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित कराने तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं के लिए आपसी समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में तय की गई कार्ययोजना के तहत जिले के तहसील मुख्यालयों और बड़े कस्बों तक बैडमिंटन की सुविधाओं का विस्तार करने के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। वहीं, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए खेल सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था और अन्य तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

Tags: