तस्वीर में नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया कार्यालय में समर्थकों के साथ बैठे हैं।

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनने के बाद नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने विधि-विधान, पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद परिसर और आसपास का माहौल उत्सवमय रहा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, नवनिर्वाचित पार्षदों और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने दोनों नवनिर्वाचित शीर्ष नेतृत्वकर्ताओं का ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने साफा पहनाकर और विशाल फूलमालाएं अर्पित कर सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया का अभिनंदन किया।

नगर परिषद चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की थी। इसके बाद हुए सभापति चुनाव में वार्ड 15 से विजयी अनिल ईनाणी ने 36 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। वहीं, उपसभापति पद के चुनाव में भाजपा के सुदर्शन रामपुरिया ने 36 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पराजित करते हुए जीत दर्ज की।

पदभार ग्रहण करने के बाद नगर परिषद के नए नेतृत्व ने शहर के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। नई टीम ने चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना पर काम करने की घोषणा की। शहर में सड़कों, नालियों, प्रकाश व्यवस्था, पानी की निकासी और पार्कों के सुंदरीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के साथ परिषद की कार्यप्रणाली को सुगम और पारदर्शी बनाने का संकल्प भी जताया गया।

नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने शीर्ष पार्टी नेतृत्व सांसद सी पी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, सभी नवनिर्वाचित पार्षदों तथा चित्तौड़गढ़ की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पूरा बोर्ड एकजुट होकर चित्तौड़गढ़ के विकास को नए आयाम प्रदान करेगा। पदभार ग्रहण समारोह में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Tags: