तस्वीर में आकोला में नगर पालिका चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विजय जुलूस निकाल रहे हैं।

आकोला में नगर पालिका चुनावों में मिली जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विशाल विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। गाजे-बाजे, डीजे की धुन और आतिशबाजी के बीच निकले जुलूस में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

विजय जुलूस का शुभारंभ केंद्रीय मुख्य बस स्टैंड से हुआ। इसके बाद जुलूस नगर पालिका के सामने से गुजरते हुए रावली चौक, खटीक मोहल्ला, बुनकर मोहल्ला, नीम चौक, रंगीला चौक, अकड़ा चौक, शनि महाराज चौराहा, जवान नगर और मुरला चौराहा होते हुए आगे बढ़ा। जुलूस के पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं का उत्साह नजर आया।

डीजे पर देशभक्ति और विजय गीत बजते रहे। विशेष रूप से “वारे भगवती लाल तूने अच्छी लहर चलाई रे, अकोला में कांग्रेस का बोर्ड बनाया रे” जैसे गीतों पर कार्यकर्ता झूमते और नाचते नजर आए। कई स्थानों पर जोरदार आतिशबाजी भी की गई, जिससे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।

रंगीला चौक पर विजय जुलूस का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान महिला पार्षद प्रत्याशी सोहनी खटीक के साथ मीना देवी, पुष्पा खटीक और जशोदा देवी ने महिला पार्षदों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। वहीं समाजसेवी मेवालाल खटीक, मांगीलाल खटीक, रजनीश कुमार खटीक और आशीष कुमार, पप्पू लाल नरेंद्र आचार्य ने नगर पालिका चेयरमैन, उपाध्यक्ष, पार्षदों तथा पूर्व प्रधान भगवती लाल हिंगड़ का साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

विजय जुलूस में नगर पालिका चेयरमैन प्रकाश चंद्र रेगर, नगर पालिका उपाध्यक्ष अनिल सहलोत, पूर्व प्रधान भगवती लाल हिंगड़, पार्षद असलम, भावेश सोनी, भावेश छिपा, चंदा कुमारी जाट सहित समस्त नवनिर्वाचित पार्षद और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर पालिका चुनाव में जीत के बाद निकला यह जुलूस आकोला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह का प्रमुख सार्वजनिक प्रदर्शन रहा।

Tags: