बेगूं में जिला स्तरीय वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता टीमों को पुरस्कार
बेगूं में 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं का समापन हुआ। विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेरिट प्रमाण-पत्र दिए गए।
तस्वीर में मेघपुरा में आयोजित जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह के अतिथि नजर आ रहे हैं।
क्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का बुधवार को समापन हुआ। महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छापरा में 70वीं जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेघपुरा में 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह आयोजित किए गए। समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी एवं मेरिट प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेघपुरा में तीन दिवसीय 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पाडावास की ओर से किया गया। संस्था प्रधान साधुराम नारायण ने बताया कि प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में 36 तथा छात्रा वर्ग में 22 टीमों ने भाग लिया।
मुख्य निर्णायक अरविंद तिवारी के अनुसार छात्र वर्ग में एम अकेडमी चित्तौड़गढ़ की टीम विजेता रही, जबकि यूएस ओस्तवाल स्कूल मंगलवाड़ की टीम उपविजेता रही। छात्रा वर्ग में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवलछ, बेगूं की टीम ने विजेता का स्थान हासिल किया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय करोली, बड़ी सादड़ी की टीम उपविजेता रही।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, सीबीईओ कन्हैयालाल धाकड़, पंचायत प्रशासक ओंकारलाल धाकड़, अर्जुन शर्मा एवं कालूलाल सुथार सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्य बसंती सेन ने अतिथियों का स्वागत किया।
इसी क्रम में महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छापरा में 70वीं जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 17 वर्ष छात्र वर्ग का समापन हुआ। प्रतियोगिता में विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल कपासन की टीम विजेता रही, जबकि केपीएस स्कूल आकोला की टीम उपविजेता रही।
क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसडीएम अंकित सामरिया मुख्य अतिथि और सीबीईओ कन्हैयालाल धाकड़ अध्यक्ष रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेरिट प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार नानालाल धाकड़, एसीबीओ कैलाश चंद्र गुप्ता, पर्यवेक्षक डॉ. भवानी शंकर कोहली, प्रधानाचार्य अरुण व्यास, निर्णायक सुरेशचंद्र शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। दोनों प्रतियोगिताओं के समापन के साथ खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।