चित्तौड़गढ़: ABVP ने कॉलेज गेट पर किया प्रदर्शन, MLSU प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
विश्वविद्यालय परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी सुधारने, अंतिम सेमेस्टर में पूरक परीक्षा लागू करने और एनसीसी भर्ती समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
तस्वीर में छात्र प्रतिनिधि कार्यालय के अंदर अधिकारी को मांग पत्र सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं, परीक्षा परिणामों में हुई गड़बड़ी और अंतिम सेमेस्टर में पूरक परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महाविद्यालय इकाई ने कॉलेज गेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एमएलएसयू परीक्षा नियंत्रक एवं प्राचार्य को समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
इकाई अध्यक्ष शिवाय गुर्जर ने बताया कि एबीवीपी महाविद्यालय इकाई की ओर से कॉलेज गेट के बाहर प्रदर्शन कर विद्यार्थियों के हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों की अनदेखी पर आक्रोश व्यक्त किया गया। परिषद ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जब भी परीक्षा परिणाम घोषित किए जाते हैं, हर बार कोई न कोई गड़बड़ी या त्रुटि सामने आती है। रिविल फार्म भरने के बावजूद भी परिणाम सही नहीं किया जाता, जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को उठाना पड़ता है।
परीक्षा नियंत्रक को परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता रखने और अंतिम सेमेस्टर में पूरक परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। वहीं, प्राचार्य को पाँच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। इसमें शीघ्र एनसीसी भर्ती करवाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई सुव्यवस्थित नहीं होने के कारण गंदगी और जहरीले जानवरों का खतरा रहने की बात कहते हुए समय पर सफाई करवाने की मांग की गई। इसके साथ ही महाविद्यालय में बने गर्ल्स कॉमन रूम की व्यवस्था सही नहीं होने के चलते हो रही समस्या के समाधान के लिए गर्ल्स कॉमन रूम को सही करवाने की मांग रखी गई।
एबीवीपी ने कहा कि महाविद्यालय में पुस्तकालय और ई-लाईब्रेरी के नाम पर सुविधाएं शून्य हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परिषद ने शीघ्र ही पुस्तकालय में वांछित पुस्तकें उपलब्ध करवाने और ई-लाईब्रेरी की सभी सुविधाएं संचालित करवाने की मांग की।
महाविद्यालय के खेल विभाग, प्रयोगशालाओं आदि में संसाधनों के अभाव का मुद्दा भी उठाया गया। विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए संबंधित विभागों में वांछित संसाधनों की शीघ्र पूर्ति करवाने की मांग की गई। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि शीघ्र ही मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संगठन की ओर से आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान अदिति कंवर भाटी, राजेश गायरी, सुमन जाट, अर्पित वैष्णव, सुन्दर भाण्ड, सुनिल तिवारी, देवराज बंजारा, आदित्य मेनारिया, इंशात, ज्योति, निशा, गणपत, रौनक, अभिजीत, शिवांश, लोकेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।