बस्सी तेजाजी मेले में मारपीट से मचा हंगामा, युवक हिरासत में; ASI का वीडियो वायरल
बस्सी तेजाजी मेले में मारपीट की घटनाओं के बीच एक युवक हिरासत में लिया गया। ASI हंसराज मीणा का वीडियो वायरल होने से मामला चर्चा में है।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के बस्सी में मेले के दौरान पुलिस की कार्रवाई नजर आ रही है।
चित्तौड़गढ़ विधानसभा के बस्सी कस्बे में लगने वाला ऐतिहासिक तेजाजी मेला इस बार अव्यवस्थाओं और मारपीट की घटनाओं के बीच चर्चा में रहा। दशमी और ग्यारस के दिन मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में भीड़ जुटती है। इस बार भीड़ के बीच मनचलों के उत्पात के चलते कई जगह मारपीट हुई और लात-घूंसे चले। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। वहीं, एक-दो युवाओं को चोटें आने पर अस्पताल में उपचार करवाया गया।
बीती रात मेले में दो बार मारपीट की घटना सामने आई। वहीं, कस्बे की एक युवती के साथ मनचलों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने पर परिजनों ने एक युवक की धुनाई कर दी। लगातार सामने आई घटनाओं के बीच मेले में कई बार अराजकता जैसा माहौल बना रहा।
इसी दौरान भीड़ के बीच थाने के एएसआई हंसराज मीणा ने मौजूद युवकों की गिरेबान पकड़ ली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पिछले दिनों इसी एएसआई द्वारा एक 10 वर्षीय बालक को थाने से भगा दिए जाने का वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे सोशल मीडिया से हटवा दिया, लेकिन कुछ लोगों ने वीडियो सेव कर लिया और वह सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित होता रहा।
मेले में बेरिकेट नहीं होने से यातायात की समस्या भी सामने आई। हर वर्ष दशमी और एकादशी के दिन बेरिकेट लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाती है, लेकिन इस साल बेरिकेट नहीं लगाए जाने से लगातार वाहनों का प्रवेश होता रहा। बाद में ग्रामीणों ने इस व्यवस्था को लेकर आवाज उठाई तो उन्हें थाने बुला लिया गया।
जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। इसके बाद थानाप्रभारी के निर्देश पर शाम 3 बजे के बाद बेरिकेट लगाए गए। लोगों का कहना था कि सीएलजी बैठक के दौरान सभी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा होने के बावजूद इस तरह की अव्यवस्थाएं सामने आईं।
अब आने वाले दिनों में अनन्त चतुर्दशी का त्यौहार भी सामने है। ऐसे में मेले के दौरान सामने आई मारपीट, यातायात व्यवस्था और अन्य अव्यवस्थाओं के बीच पुलिस की सतर्कता और व्यवस्थाओं पर सवाल उठे हैं।