चित्तौड़गढ़: 70वीं जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता शुरू, 45 टीमें शामिल
ओछड़ी में 17 से 19 आयु वर्ग के 446 खिलाड़ी लेंगे भाग, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने किया उद्घाटन।
तस्वीर में अतिथि भारत माता की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित करते हुए दिख रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। देश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार खेल सुविधाओं के विकास तथा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। इसी का परिणाम है कि आज देश के खिलाड़ी विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का परचम लहरा रहे हैं। खेल हमें संघर्ष करने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या बुधवार को ग्राम ओछड़ी में 17 से 19 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं की 70वीं जिला स्तरीय चार दिवसीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलों में भाग लें तथा जीत-हार की भावना से ऊपर उठकर खेल भावना का परिचय दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मिठ्ठुलाल जाट ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, रितुराज सिंह, अनिल सुखवाल, दशरथ मेनारिया, रविन्द्र सिंह भाटी और एसीबीईओ शम्भुलाल सोमानी उपस्थित थे। मुख्य निर्णायक सूर्यप्रकाश गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले की कुल 45 टीमों के कुल 446 खिलाड़ी भाग लेकर चार दिवस तक अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक आक्या सहित समस्त अतिथियों का विद्यालय स्टॉफ द्वारा माल्यार्पण और मेवाड़ी पाग पहनाकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अनुशासन और टीम भावना से खेलने की शपथ दिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर संस्था प्रधान देवीलाल धाकड़, दुष्यंत सिंह, भेरूलाल मेनारिया, निर्णायक शैतानसिंह शक्तावत, दलपतसिंह चुण्डावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और ग्रामीण उपस्थित थे।