बड़ी सादड़ी के बोरखेड़ा में सेवा सेतु शिविर आयोजित, पशुओं का हुआ इलाज
बोरखेड़ा में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पशुओं का उपचार किया गया और पेंशन व पालनहार योजना के लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ।
तस्वीर में पशुपालन विभाग के कर्मचारी बोरखेड़ा के शिविर में पशु का उपचार करते हुए।
बड़ी सादड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के बोरखेड़ा में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत चल रहे सेवा सेतु सप्ताह के पांचवें दिन शिविर में इंसानों के साथ पशुओं से जुड़ी समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया गया। 19 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक चल रहे इस अभियान के दौरान पशुपालक अपने पशुओं की बीमारी से संबंधित समस्या लेकर शिविर स्थल पर पहुंचे। पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने बीमारी के अनुरूप हाथों हाथ दवाइयां उपलब्ध कराईं और उनके उपयोग की विधि बताई। वहीं कुछ गंभीर रूप से बीमार पशुओं का पशु बाड़े में पहुंचकर मौके पर ही उपचार किया गया।
आज के कैंप में पशुपालन विभाग के लाभार्थियों को पशुधन निःशुल्क दवा योजना के तहत दवाइयां वितरित की गईं। इनमें नारायण सिंह, दिलीप सिंह, चुनी लाल, सुशीला और नारायण सिंह शामिल रहे।
लम्पी स्किन डिजीज टीकाकरण के तहत देवी लाल, प्रकाश चंद्र, वृद्धि चंद और रामेश्वर लाल के पशुओं का टीकाकरण किया गया।
पशुपालन विभाग से डॉ. अरविन्द, उनके सहयोगी पशुधन निरीक्षक सौभाग् सिंह मीणा और राकेश कटारा अपनी सेवाएं पूरी मुस्तैदी के साथ दे रहे हैं। शिविर में पशुपालकों को बीमारी के अनुसार दवा उपलब्ध कराने के साथ गंभीर बीमार पशुओं के उपचार की सुविधा भी मौके पर मिली।
शिविर में पेंशन प्रकरणों के साथ पालनहार के 103 लंबित प्रकरणों में से 10 प्रकरणों का आज निराकरण किया गया। रोडवेज पास जैसे विषयों का समाधान भी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया।
यह जानकारी भगवत सिंह शक्तावत ने देते हुए बताया कि पूरे कार्यक्रम का निर्देशन उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा कर रहे हैं। कार्यक्रम में विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, तहसीलदार गेगा राम, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश चंद्र धाकड़, अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता अजय सिंह, नायब तहसीलदार सूर्य प्रकाश गांछा सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने विभागों से संबंधित आने वाली समस्याओं का हर संभव हाथों हाथ समाधान करते देखे गए।
सेवा सेतु सप्ताह के तहत बोरखेड़ा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के साथ पशुपालकों की समस्याओं का भी मौके पर समाधान और पशुओं का उपचार किया गया।