बड़ी सादड़ी: भूतखेड़ा में जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने प्रतियोगिता का उद्घाटन कर विद्यालय में दो कमरों, खेल मैदान की बाउंड्री और टीन शेड निर्माण की घोषणा की।
तस्वीर में जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के बैनर के नीचे अतिथि पगड़ी पहने बैठे हैं।
बड़ी सादड़ी। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भूतखेड़ा में 14 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की चार दिवसीय जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का बुधवार को शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि खिलाड़ियों को खेलों में जीत-हार से अधिक खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को महत्व देना चाहिए। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सहकारिता मंत्री गौतम दक के मुख्य आतिथ्य और पूर्व विधायक ललित ओस्तवाल की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांवरिया मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, मंदिर मंडल सदस्य किशन लाल अहीर, मंडल अध्यक्ष भाजपा भेरूलाल गाडरी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार मेनारिया, मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी, सरपंच प्रतिनिधि शंकर लाल पाटीदार, पूर्व मंडल सदस्य श्रीलाल पाटीदार, पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगलवाड़ रमेश शर्मा, पूर्व सरपंच पोखर जाट और पूर्व उप प्रधान लक्ष्मी नारायण मेनारिया उपस्थित रहे।
मंत्री दक ने विद्यालय विकास के लिए दो कमरों के निर्माण, खेल मैदान की बाउंड्री तथा प्रार्थना स्थल पर टीन शेड लगाने की घोषणा की। इन घोषणाओं पर ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताई।
मुख्य निर्णायक कैलाश चंद्र मालू ने बताया कि छात्र वर्ग में 62 टीमों के 744 खिलाड़ी और छात्रा वर्ग में 47 टीमों की 544 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन के बाद प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू हुए। खेल मैदान पर खिलाड़ियों की चुस्ती-फुर्ती, तेज रफ्तार और रणनीति ने दर्शकों का ध्यान खींचा। विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्र-छात्राओं की टीमों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबलों में भाग लिया। मैदान के आसपास मौजूद ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मुकेश आडोत ने बताया कि सभी खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों एवं प्रतियोगिता से जुड़े सभी लोगों के भोजन एवं आवास की व्यवस्था ग्रामवासियों की ओर से की गई है। आयोजन को लेकर विद्यालय परिवार और ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम के अंत में संयोजक रणजीत सिंह चौहान और संस्था प्रधान रमेश चंद्र मेव ने आभार जताया।