बेगूं के आदर्श विद्या मंदिर में अभिभावक सम्मेलन आयोजित, 375 अभिभावक हुए शामिल
संस्कृति प्रश्नोत्तरी और कक्षा दर्पण संवाद के जरिए विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति साझा की गई, अभिभावकों के सुझावों की हुई समीक्षा।
तस्वीर में विद्यालय परिसर में मेज पर बैठे शिक्षक अभिभावकों के साथ चर्चा करते दिख रहे हैं।
बेगूं (प्रातःकाल संवाददाता)। आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय बेगूं में शनिवार को आयोजित अभिभावक सम्मेलन में 375 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मेलन में भारतीय संस्कृति, शिक्षा और विद्यार्थियों की प्रगति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अभिभावकों के साथ संवाद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता पूर्व आचार्या कमला भारद्वाज एवं जिला समिति सदस्य सुरेंद्र अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन के दौरान अभिभावक की आदर्श दिनचर्या, दीपक-बाती प्रतियोगिता, भारतीय संस्कृति से संबंधित प्रश्नोत्तरी एवं अभिभावक संवाद जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें करीब 375 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर सभी कक्षाचार्यों ने ‘कक्षा दर्पण—मेरी कक्षा, मेरा गौरव’ के माध्यम से विद्यार्थियों के शिक्षण, शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। साथ ही अभिभावकों द्वारा दिए गए सुझावों पर चर्चा कर उनकी समीक्षा की गई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के आचार्य-दीदी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।