चित्तौड़गढ़ में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, सफाईकर्मियों का सम्मान
चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि, सर्वधर्म प्रार्थना सभा और स्वच्छता शपथ हुई। नगर परिषद के 30 से अधिक सफाई कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू और अन्य अधिकारी जमीन पर बैठकर प्रार्थना में शामिल नजर आ रहे हैं।
जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कलक्टर डॉ. मंजू सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कलक्ट्रेट के बाहर स्थित महात्मा गांधी सर्किल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को माल्यार्पण किया। इसके बाद कलक्ट्रेट परिसर स्थित उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री तथा सेटेलाइट चिकित्सालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए।
सेटेलाइट चिकित्सालय परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित हुई। इसमें ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित भजनों का गायन किया गया। विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने धर्मानुसार प्रार्थना की। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन ने भी सहभागिता की।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने उपस्थितजनों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों और सिद्धांतों को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन सादगी, सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को जीवन मूल्यों में आत्मसात कर समाज एवं देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के 30 से अधिक सफाई कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला कलक्टर ने स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उपस्थितजनों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर उपवन संरक्षक ने वन्यजीव सप्ताह के तहत आयोजित एवं प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में अति कलक्टर दिनेश धाकड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग चंद्र प्रकाश जीनगर, आयुक्त रविन्द्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्काउट-गाइड एवं आमजन उपस्थित रहे।